जम्मू। घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन से धूम मचाने वाले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज अब्दुल बासित लोन का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रतिष्ठित अंडर-19 (लड़कों) कैंप के लिए चयन हुआ है।
दो से 28 अप्रैल तक यह कैंप गुवाहाटी में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा। लोन का चयन महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कैंप लोन को प्रतिष्ठित कोच और प्रशिक्षकों की निगरानी में अपने कौशल को निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगा। ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता, सदस्य प्रशासन जेकेसीए ने अब्दुल बासित लोन को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।