कठुआ। कठुआ की रख होशियारी, जसरोटा ग्राम पंचायत के एक पटवारी पर एक महिला ने रिश्वत लेने, कपड़े फाड़ने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के गंभीर आरोप लगाए। हालांकि इसके कुछ ही घंटे बाद फिर सामने आई महिला ने इसे झूठ बताते हुए माफी मांग ली है। उधर, सोशल मीडिया पर प्रदर्शन और आरोप लगाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने भी मामले में खंडन करते हुए स्पष्टीकरण जारी कर दिया था।
जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार रख होशियारी निवासी आरोपी महिला के पति विजय कुमार ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया था और बार-बार चेतावनी के बावजूद वहां निर्माण कार्य कर रहा था। प्रशासन के मुताबिक संबंधित पटवारी से मामले की रिपोर्ट ली गई है। जिसके अनुसार राजस्व विभाग की टीम ( पटवारी, लंबरदार और चौकीदार) पुलिस कर्मियों के साथ अवैध निर्माण कार्य को रोकने के लिए मौके पर गई। इस दौरान, विजय कुमार ने कथित तौर पर ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों को बाधित किया और बाद में सार्वजनिक रूप से भ्रमित करने के लिए झूठे आरोप लगाए। जिला प्रशासन ने आरोपों को झूठा, भ्रामक बताया। प्रशासन ने कहा है कि टीम ने पूरी तरह से कानून के अनुसार कार्य किया और उनका मुख्य उद्देश्य केवल सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को रोकना था।