154 युवाओं ने लिया हिस्सा, सेना के अधिकारियों और जवानों ने भी दौड़ लगाकर बढ़ाया उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जसरोटा में संत बाबा सुंदर सिंह जी की स्मृति में पांच किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बाबा सुंदर सिंह जी मेमोरियल दौड प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए 154 युवाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में जम्मू के सूरज सिंह कैथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। खरोट के दर्शन सिंह दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सिपाही मनोहर लाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में एसएचओ राजबाग और भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल आरके वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। सेना के अधिकारियों, जेसीओ और जवानों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को विशेष बना दिया। इससे युवाओं और सेना के बीच आपसी सहयोग, एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन जेके ब्लड डोनर्स एंड वेलफेयर सोसाइटी और यूथ डेवलपमेंट कमेटी जसरोटा ने स्थानीय युवाओं के सहयोग से किया। खास बात यह रही कि भारतीय सेना के अधिकारियों और जवानों ने भी दौड़ में हिस्सा लेकर युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति प्रेरित किया।