कठुआ। जिले में तापमान में कमी के बावजूद डेंगू के नए मामले सामने आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने दो नए डेंगू पॉजिटिव मामलों की पुष्टि की। इसके साथ ही जिले में इस सीजन में डेंगू से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में डेंगू के छह एक्टिव मामले हैं।
शुक्रवार को पहला मामला हीरानगर के गुड़ा मुंडिया गांव का है, जहां 28 वर्षीय महिला डेंगू पॉजिटिव पाई गई। वहीं, दूसरे मामले में कठुआ के उत्तरी बरवार क्षेत्र में 35 वर्षीय व्यक्ति में भी डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों मरीजों में से एक को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरा विजयपुर स्थित एम्स में उपचाराधीन है। नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर एहतियाती कदम उठाए। इस दौरान मरीजों के घरों और आसपास के करीब 50 घरों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया।
साथ ही लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग इंस्पेक्टर लुकेश राज ने बताया कि विभाग डेंगू के मामलों को लेकर सतर्क है और विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। संवाद