अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के लड़कों की प्रतियोगिता संपन्न
आज मैदान में उतरेंगी विभिन्न जिलों की महिला खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग कठुआ ने इंटर-डिवीजन यूटी स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता के लड़कों के मुकाबले शुक्रवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हो गए। जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया।
खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न भार श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-19 वर्ग में आर्यन देव सिंह, जसबीर सिंह, आयुष्मान थापा, विशाल, मुनाजिम मुश्ताक और आकिब रेशी विजेता रहे। अंडर-17 वर्ग में यामिन जावेद, आदित्य राजपूत, प्रिक्षी मागोत्रा, माजिद मुश्ताक नाइक और अधर्व डोगरा ने जीत दर्ज की। इसी तरह, अंडर-14 वर्ग में दिनेश चौधरी, वंश शर्मा, जैल गुलजार, मोहसिन नबी और मुजफ्फर अहमद लोन विजेता बने। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मार्शल आर्ट प्रतिभा का परिचय दिया। तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में सभी मुकाबले सुचारु रूप से करवाए गए। विभाग के गतिविधि प्रभारी प्रवीण सिंह लखनपुरिया ने बताया कि लड़कों के मुकाबले संपन्न हो चुके हैं। अब शनिवार सुबह स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में लड़कियों की कराटे चैंपियनशिप आयोजित होगी। इसमें केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। वे अपने-अपने आयु और भार वर्ग में मुकाबलों में हिस्सा लेंगी।