कठुआ। सरकारी मेडिकल कॉलेज कठुआ में रेजिडेंट डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों ने कॉलेज परिसर में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ रोष जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों के प्रतिनिधि डॉ. माधव ने कहा कि डॉक्टर लंबे समय से अपने स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांग पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि रेजिडेंट डॉक्टर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मेहनत और समर्पण के साथ करते हैं। अस्पताल में मरीजों की देखभाल से लेकर आपातकालीन सेवाओं तक उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उनके स्टाइपेंड में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांच दिनों से लगातार शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर डॉक्टर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनकी मांग है कि स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी कर उन्हें आर्थिक राहत दी जाए। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।