जिले में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पहले तबादलों में हुई गड़बड़ी और फिर संशोधन (मॉडिफिकेशन) को लेकर लगातार चल रहे विवाद के बाद अब विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर अंतर-विभागीय जांच शुरू हो गई है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार निदेशालय के निर्देश के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) कार्यालय में अटैच किए गए एक कर्मचारी को बनी शिक्षा ज़ोन के उसके मूल तैनाती स्थान पर भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि तबादलों की सूची तैयार होने से लेकर इसके जारी होने और कठुआ स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय में रोजाना के कार्यों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। शिक्षक संघ की ओर से भी कुछ दिन पहले मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर तबादलों और संशोधन में पारदर्शिता न रखे जाने के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया गया था। विभागीय कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के खिलाफ निदेशालय के पास भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायत के आधार पर निदेशालय की ओर से यह कार्रवाई करते हुए उक्त कर्मचारी को उसके मूल तैनाती वाले स्थान पर भेज दिया गया है। उधर मुख्य शिक्षा अधिकारी को भी मामले की जांच के लिए निदेशालय बुलाया गया है। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी राजीव अबरोल ने बताया कि अंतर-विभागीय जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, असंतुष्ट लोगों की ओर से संभवतः शिकायत की गई है। जांच के बाद ही ज़्यादा जानकारी सामने आएगी। उधर, विभागीय जांच शुरू होने के बाद से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।