एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने वीरवार को बिलावर, रामकोट, नानगला और मछेड़ी क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान जिले में संदिग्धों पर निगरानी और घुसपैठ मार्गों पर नियंत्रण के निर्देश दिए। सेना/सीआरपीएफ और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक कर रणनीतिक बल तैनाती और एजेंसियों के बीच समन्वय पर मंत्रणा की।
एसएसपी ने बैठक में घुसपैठ, संदिग्ध तत्वों की गतिविधियां, राष्ट्रविरोधी तत्वों की मौजूदगी, घुसपैठ मार्गों पर नियंत्रण, रणनीतिक बल तैनाती और एजेंसियों के बीच समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। सेना और सीआरपीएफ अधिकारियों ने अपने तैनाती पैटर्न, सर्दियों की रणनीति, चिन्हित घुसपैठ मार्गों, जिम्मेदारी वाले क्षेत्रों और काउंटर-इंसर्जेंसी ऑपरेशनों के दौरान अपनाई गई कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
एसएसपी मोहिता शर्मा ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि संभावित खतरों से निपटने और क्षेत्र में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए एकजुट प्रयास जरूरी हैं। बैठक के बाद एसएसपी ने मछेड़ी स्थित एसओजी कैंप का दौरा किया, जहां उन्होंने एसओजी मछेड़ी, डुगैनी, कटली और मछेड़ी चौकी के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को ओवर ग्राउंड वर्कर्स और उनके सहयोगियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन, गश्त और लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग को अनिवार्य बताया। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत दी ताकि किसी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। एसएसपी ने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि कठुआ पुलिस जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। और राष्ट्रविरोधी तत्वों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। इस दौरान उनके साथ एसपी आप्रेशनस उमर इकबाल , एसडीपीओ बिलावर नीरज पडियार और अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।