मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिहर्सल करत?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। आजाद भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। कोरोना की दूसरी लहर के नियंत्रण में आने के बाद होने वाले समारोह में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में इसको लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंगलवार को शहर के मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे प्रतिभागियों ने करीब तीन घंटे तक भीषण उमस के बावजूद अपनी प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाने के लिए अभ्यास किया। किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार गाने की धुन पर थिरकते विद्यार्थियों में अजब सा उत्साह दिखाई दिया।
इसके संबंध में प्रधानाचार्य संजीव वैद्य ने बताया कि शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह में उनके स्कूल के 70 विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। विद्यार्थियों के कार्यक्रमों को बेहतर बनाने के लिए स्कूल का पूरा स्टाफ लगा हुआ है। प्रतिभागियों को प्रतिदिन कोरोना के नियमों का पालन करते हुए करीब तीन घंटे तक कड़ा अभ्यास कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान होने वाली परेड के लिए भी स्कूल की एनसीसी विंग की टुकड़ी एनसीसी अधिकारी रविंद्र कुमार की देखरेख में कड़ा अभ्यास कर रही है।