हीरानगर। भवन निर्माण कामगार यूनियन ने ओल्ड सांबा कठुआ (ओएसके) रूट पर कठुआ से जम्मू के लिए बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। शुक्रवार को बैठक के दौरान यूनियन के अध्यक्ष राज कुमार ने कहा कि इस रूट पर तीन दशकों बाद फरवरी में बस सेवा शुरू हुई। ट्रायल के तौर पर सरकार ने एक आरटीसी बस को चलाया। अब इस बस में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है और बस ओवरलोड होकर कठुआ से जम्मू आती जाती है।
उन्होंने कहा कि कई सीमावर्ती गांवों से होते हुए यह बस जम्मू से कठुआ आती-जाती है। बस में भीड़ होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लिहाजा सरकार को इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ानी चाहिए, ताकि आम लोगों को सफर करने में कोई दिक्कत न हो। इसी दौरान उन्होंने बस में मजदूरों के लिए पास बनाए जाने की मांग की। बैठक में बोधराज, सोमराज, अजीत कुमार आदि शामिल रहे।