हटली मोड़ पुलिस द्वारा नशीली दवा के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी, विज्ञप्ति।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले में मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सोमवार को पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाईयों में 15 लीटर अवैध शराब के साथ 194 बोतल खांसी की नशीली सीरप बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई हटली मोड़ पुलिस ने इंस्पेक्टर यशपाल शर्मा के नेतृत्व में मग्गर खड्ड इलाके में की। यहां दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 194 बोतल खांसी की नशीली सीरप बरामद हुईं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान राम दास निवासी वार्ड 13 हटली मोड़ कठुआ और आरिफ हुसैन निवासी धनौड़ लखनपुर के रूप में हुई है।
एक अन्य मामले में अवैध शराब के साथ राजबाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान अजय कुमार निवासी रामपुर लिंक रोड छबे चक के रूप में हुई। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसके पास से 15 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।