- एक करोड़ की लागत से बनेगा कॉजवे
हीरानगर। हीरानगर शेरपुर सड़क को धार्मिक स्थल जांडी बाग से जोड़ने वाली सड़क के बीच पड़ने वाले नाले पर जल्द वेंटेड कॉजवे का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए करीब एक करोड रुपये मंजूर हो चुके हैं। यह निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को यातायात संबंधित किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होगी।
इस दौरान अक्सर वाहन लेकर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थल से पहले ही गाड़ी खड़ी कर पैदल पहुंचना पड़ता है। लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की ओर से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी लेकिन अब जल्द समस्या से छुटकारा मिलेगा। एक करोड़ की लागत से बनने वाले वेंटेड कॉजवे से न सिर्फ यहां नियमित रूप से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ेगी। हर वर्ष धार्मिक स्थल पर विभिन्न बिरादरियों की वार्षिक मेल का आयोजन होता है और हजारों की संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।
जांडी बाग एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यहां विभिन्न देवी देवताओं के मंदिर है। हर वर्ष विभिन्न बिरादरियों की ओर से कुल देवी, देवताओं के पवित्र स्थल पर वार्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस रास्ते के बीच पड़ने वाले नाले की वजह से हो रही दिक्कतों के समाधान की मांग कर रहे थे। अब इसके लिए एक करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं जल्द वेंटेड कॉजवे का निर्माण कार्य शुरू होगा।
- विजय शर्मा, विधायक हीरानगर