कठुआ। युवाओं के साथ आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए कठुआ पुलिस द्वारा हाफ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। बरवाल एथलीट क्लब के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम के संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बुधवार को बताया कि कि आठ नवंबर को होने वाली इस हाफ मैराथन में पहली बार सभी अंतरराष्ट्रीय मापदंडों का पालन किया जाएगा।
इसके लिए प्रतिभागी अभी से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। 29 अक्तूबर तक चलने वाले इस पंजीकरण में जो भी प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। उन्हें मैराथन में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चार वर्गों में होने वाली इस मैराथन में दो किलोमीटर, पांच किलोमीटर, दस किलोमीटर और 21 किलोमीटर की मैराथन शामिल होगी। इसमें कोई भी महिला व पुरुष अपना पंजीकरण करवा सकता है। दो किलोमीटर की मैराथन में केवल छोटे बच्चे और वृद्ध हिस्सा लेंगे। 21 किलोमीटर की दौड़ में पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 30 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले को 20 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले को 15 हजार रुपये नकद इनाम दिया जाएगा। दस किलोमीटर की मैराथन में पहले स्थान पर रहने वाले को 20 हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 15 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रुपये नगद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा मैराथन को पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को पारदर्शी बनाए जाने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जाएगा।