उज्जपुल को जाम कर प्रदर्शन करते गुज्जर समुदाय के लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
बिलावर/रामकोट। 29 मई को गुड़ा कल्याल बी पंचायत के खडीयां नाले के पास हुई सड़क दुर्घटना को लेकर गुज्जर समुदाय का गुस्सा प्रशासन और पुलिस के खिलाफ फूट पड़ा। सैकड़ों की तादाद में गुज्जर समुदाय के लोग उज्ज पुल लुडेरा में एकत्रित हो गए और सड़क जाम कर नारेबाजी की। सुबह आठ बजे के करीब कई प्रदर्शनकारियों ने धार सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे आवागमन ठप हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटने के लिए समझाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हो गई। प्रदर्शन दोपहर 11:30 बजे तक जारी रहा। इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों और एडीसी बिलावर के मौके पर पहुंचने के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी धरना स्थल से हट गए। लगभग दो घंटे बाद यातायात बहाल हुआ। बता दें कि 29 मई को खडीयां नाले के पास रात आठ बजे सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस की ओर से दर्ज किए गए मामले के अनुसार बाइक पर सवार दो लोगों की ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें हाजी मरीज की मौत हो गई थी और उसके घायल पुत्र मक्खन को इलाज के लिए जीएमसी रेफर किया गया था। कई दिनों बाद जब मक्खन को होश आया तो उसने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक को जानबूझकर टक्कर मारी, जिससे बाइक पर सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनके पिता की मौके पर ही मौत हो गई थी। मक्खन के बयानों के बाद कई लोग अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज करने पर नाराजगी जताने लगे और सही आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। लोगों की मांग पर ध्यान न देने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।