कठुआ। सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट ने महीनों से सुस्त पड़े सर्राफा बाजार में नई उम्मीदें जगा दी हैं। हालांकि बाजार में अभी खास तेजी नहीं आई है, लेकिन कारोबारियों को शादी के सीजन में बेहतर कारोबार की संभावना नजर आने लगी है।
स्वर्णकार विनोद शर्मा बताते हैं कि तीन-चार महीने पहले सोने का भाव लगभग एक लाख रुपये प्रति तोला था, जो बढ़ते-बढ़ते करीब दो लाख रुपये प्रति तोला तक पहुंच गया। इसी तरह चांदी में भी करीब डेढ़ लाख रुपये की बढ़ोतरी दर्ज हुई। सोने और चांदी के दाम में अचानक तेजी ने ग्राहकों को आभूषणों की खरीद से दूर कर दिया। बीते दो-तीन दिन में सोने के दाम में करीब चालीस हजार रुपये प्रति तोला की गिरावट दर्ज हुई है, वहीं चांदी के भाव में भी भारी कमी आई है। इससे ग्राहकों में खरीदारी को लेकर रुझान बढ़ता नजर आ रहा है।
फिलहाल इस गिरावट से बाजार में तत्काल तेजी नहीं आई है, क्योंकि ग्राहक उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले दिन में दाम और नीचे जा सकते हैं। यदि कीमतें चार महीने पहले के स्तर तक लौटती हैं तो खरीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने के लिए मिलेगी। फिलहाल सोने-चांदी के दाम में आई यह गिरावट सर्राफा कारोबारियों के लिए शुभ संकेत मानी जा रही है।