भूमि विवाद में गोलियां बरसाने वाले आरोपियों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। वहीं नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के तीसरे आरोपी को भी पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है। हालांकि पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी करने का दावा जरूर किया है।
रविवार को गोलियां बरसाकर एक ही परिवार के चार सदस्यों को घायल करने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस का तलाशी अभियान सोमवार को भी जारी रहा।
पुलिस ने आरोपी भाइयों के परिवार वालों से पूछताछ भी की है, साथ ही उनके संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन फरार आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। सिटी थाना पुलिस ने जगह-जगह टीमें भेजकर आरोपियों का खोजने का प्रयास किया, लेकिन सोमवार देर शाम तक तमाम प्रयास विफल रहे।
उधर तेरह वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के तीसरे आरोपी का भी कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। पुलिस टीम ने कठुआ जिला सहित आसपास और दूरदराज इलाकों में आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुष्कर्म के दो आरोपी पकड़े जाने के बावजूद तीसरे के बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रयास कर रही है, जल्द ही तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया जाएगा।