कठुआ/महानपुर। जिले में 44 के पार पहुंच चुके पारे के बीच जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। सोमवार को महानपुर और जंगलोट के जंगलों में आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। महानपुर-बिलावर सड़क के किनारे भड़की आग ने दो कंपार्टमेंट में वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचाया है। जंगलोट के जंगलों में भी आग लगी है। वन विभाग के साथ अग्निशमन दस्ता इसे बुझाने के लिए लगातार डटा हुआ है। महानपुर व जंगलोट में फायर बिग्रेड की गाड़ियों के साथ कर्मी देर शाम तक आग बुझाने में जुटे रहे।
सोमवार दोपहर महानपुर के जंगलों के कपार्टमेंट 49 और 43 में भीषण आग लग गई। चीड़ के पेड़ों और सूखी घास के साथ हवाओं ने आग में घी डालने का काम किया। महानपुर डिग्री कॉलेज के पास सड़क किनारे भड़की आग को वन विभाग व अग्निशमन दस्ते ने काबू कर लिया, जबकि जंगल के भीतर आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
महानपुर वन विभाग जोन के रेंज अधिकारी दीपक भगोगिया ने बताया कि रविवार सुबह कंपार्टमेंट 49 जोकि एठियलता में माता बाला सुंदरी इलाके में पड़ता है, यहां लगी आग पर वन विभाग ने लोगों की मदद से काबू पा लिया। वहीं महानपुर डिग्री कॉलेज के आसपास जंगल में दमकल गाड़ी के साथ आग बुझाई जा रही है। उधर, जंगलोट में देर शाम तक आग बुझाने के प्रयास जारी रहे।