बिलावर। मछैड़ी पंचायत के वार्ड-1 जुलेतर में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से दो कच्चे मकान जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड से दो परिवारों के 10 सदस्य बेघर हो गए है। हादसा शनिवार शाम को हुआ, जब दोनों परिवारों के सदस्य मवेशियों को चराने के लिए गए थे। आसपास के लोगों को घटना का पता चला तो इसकी जानकारी घरवालों को दी गई। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दोनों घरों में रखा राशन, नगदी और अन्य सामान जल चुका था। उधर, लोगों में दमकल व्यवस्था न होने पर सरकार को कोसा।
सरपंच करायम उद्दीन ने बताया के वार्ड-1 के निवासी झंकार सिंह और चरणदास के घरों में आग लगी थी। फिलहाल दोनों परिवारों को मोहल्ले के किसी घर में शरण दी गई है, लेकिन पहने कपड़ों के अलावा उनके पास कुछ नहीं बचा है। सरपंच ने बताया कि स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों की मदद कर कुछ नगदी व राशन पीड़ित उपलब्ध करवाया है। हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। राजस्व विभाग की टीम को साथ लेकर वह स्वयं घटनास्थल पर गए थे। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवारों को सहायता दी जाए। उनको टेंट, कंबल और अन्य जरूरी चीजों का प्रबंध जल्द किया जाए। पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि दी जाए।
-----
उपमंडल में कई बार हो चुके
अग्निकांड, फायर स्टेशन नहीं
उपमंडल में अग्निकांड की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सरकार की ओर से आज तक फायर स्टेशन की सुविधा नहीं दी गई है। समाजसेवी संजीत शर्मा, प्रफुल्ल सिंह, पंकज शर्मा और दीपक शर्मा ने बताया के कई बार सरकार से मांग कर चुके हैं कि इलाके में फायर स्टेशन खोला जाए, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।