लगातार बारिश के कारण बिलावर में जलमग्न हुए खेत। संवाद
- फोटो : KATHUA
महानपुर। लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को बारिश के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से किसानों के खेतों में अब पानी भरने लगा है। इससे किसानों को फसल के खराब होने का डर सताने लगा है। वहीं, बारिश से पूरे इलाके में ठंड बढ़ गई है।
तहसील महानपुर के किसान चेतराम ने बताया कि पिछले 3 दिनों से हो रही बारिश के चलते जिन किसानों ने फसल लगाई थी, उन खेतों में पानी भरना शुरू हो गया है। इससे किसानों की फसल खराब हो सकती है। माडापट्टी के रजिंदर कुमार ने बताया कि बारिश से जहां पर फसल नहीं लगाई गई थी अब उन किसानों को भी बारिश रुकने पर थोड़े दिन और इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि खेतों में पानी भरना शुरू हो गया है। वहीं, बारिश से ठंड में भारी बढ़ोतरी हो गई है और कस्बे के बाजार सुनसान हो गए हैं।