जम्मू संभाग के जिला कठुआ के हीरानगर सेक्टर में मंगलवार सुबह विस्फोटक सामग्री मिलने से सनसनी फैल गई। विस्फोटक सामग्री एक लिफाफे में बांधी गई थी, जिसे तलाशी अभियान के दौरान खोजा गया। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया गया है। सुरक्षाबलों द्वारा आसपास के एरिया में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पुलिस की ओर से हीरानगर के सीमावर्ती क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। सुबह आठ बजे के करीब तलाशी अभियान के दौरान बॉर्डर रोड से 150 मीटर की दूरी पर शेरपुर की ओर जाने वाली सड़क किनारे बई नाला के पास एक संदिग्ध पॉलिथीन बैग बरामद हुआ। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर ली गई। बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। जांचा में पॉलिथीन बैग में विस्फोटक सामान बरामद हुआ।
बता दें, यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और जम्मू पठानकोट हाईवे से इस इलाके की दूरी अधिक नहीं है। सामरिक दृष्टि से संवेदनशील इलाका होने के कारण सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर अलर्ट कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। डॉग स्कवायड की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।