कठुआ में कामछोड़ हड़ताल खत्म होने के बारे में जानकारी देते बिजली कर्मी। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शुक्रवार रात बाहर बजे से जिले में चल रही बिजली कर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। हड़ताल के समाप्त होने के साथ ही आम लोगों ने जहां राहत की सांस ली है वहीं बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सहयोग के लिए आम लोगों का आभार भी जताया है।
दरअसल लगभग 60 घंटे से भी अधिक जिले में बिजली संकट के चलते आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। निजीकरण के विरोध में और अन्य कई मांगों को लेकर जिले भर के बिजली कर्मी हड़ताल पर चले गए थे। जिसके बाद प्रशासन ने पॉवर ग्रिड कॉरपोरेशन और एनएचपीसी कर्मियों की मदद लेकर अधिकांश फीडरों पर बिजली बहाली कर दी। फाल्ट के चलते बंद हुए फीड मंगलवार सुबह तक बहाल नहीं हो पाए थे। प्रशासन का दावा है कि अधिकांश फीडरों पर रविवार को ही बिजली बहाल कर दी गई थी।
उधर, हड़ताल समाप्त होने के बाद बिजली विभाग के कार्यालय में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने आम लोगों का भी सहयोग के लिए आभार जताया है। जिला उपायुक्त राहुल यादव ने बताया कि पहाड़पुर में एक ट्रांस्फार्मर को क्षति पहुंचने के बाद बिजली बहाली के प्रयास जारी हैं जबकि अन्य सभी जगह पर रूटीन की तरह ही मंगलवार को बिजली बहाल कर दी गई है।