मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया। पारा 42 डिग्री सेल्सियस को छूने लगा है। फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिन में पारा 43 डिग्री को भी पार कर सकता है।
कड़क धूप के साथ लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। दोपहर में होने वाली बिजली कटौती भी रुला रही है। पशु-पक्षी भी सूरज के रौद्र रूप से परेशान नजर आ रहे हैं। सुबह आठ बजे से ही सूर्यदेव ने तेवर दिखाना शुरू कर दिए।
ग्यारह बजे तक पारा सामान्य तापमान को पार कर गया। झुलसा देने वाली गर्मी के बीच लू के थपेड़ों ने सबसे अधिक परेशान दोपहिया वाहन चालकों को किया। धरती तंदूर की तरह तपने लगी है।
गर्मी से बचने के लिए लोग नहरों में डुबकी लगाकर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। दोपहर के समय युवाओं की टोलियों ने ड्रीमलैंड पार्क की नहर में ठंडे पानी में डुबकी लगाई।
स्कॉस्ट जम्मू की एग्रोमेट यूनिट के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को दोपहर दो बजे तापमान चालीस डिग्री को पार कर गया। शाम चार बजे तक तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में पारा 43 डिग्री के पार जाने का अनुमान है।