कठुआ। बढ़ती गर्मी से घट रहे भूमिगत जल स्तर के कारण ऐरवां क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है। पंचायत के वार्ड 1 में ज्यादातर हैंडपंपों के सूख जाने के कारण लोग जलशक्ति विभाग के पब्लिक स्टैंड के माध्यम से मिलने वाले पानी पर आश्रित हो गए हैं। जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय भाजपा नेत्री नीलम देवी का कहना है कि पानी की किल्लत के चलते सबसे ज्यादा महिलाओं को परेशानी आ रही है। क्योंकि, सभी तरह के घरेलू सारे कामकाज उनके जिम्मे होते हैं। लिहाजा पानी की सबसे ज्यादा जरूरत भी उन्हीं को होती है। वार्ड में ज्यादातर लोगों के घरों में पानी के भंडारण की सुविधा नहीं है। ऐसे में मात्र एक घंटा आने वाले पानी से लोगों की जरूरत पूरी नहीं हो पाती। उन्होंने प्रशासन से गांव में गर्मी के इस मौसम में जब तक भूमिगत जलस्तर ऊपर नहीं आ जाता है। तब तक पेयजल आपूर्ति की समयावधि को बढ़ाए जाने की मांग की है।