दिवाली की अलसुबह से ही पाकिस्तान ने भारत की अग्रिम पोस्टों और सीमावर्ती गांवों को भारी गोलाबारी शुरू कर दी थी। इस दौरान पाकिस्तानी पोस्टों से भारत के हीरानगर और चढ़वाल सेक्टर में दर्जन भर पोस्टों को निशाना बनाकर गोलाबारी की गई। गांवों को भी नहीं बख्शा। बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की।
रविवार सुबह सात बजे के लगभग खेतों में काम कर रहे जनक राज निवासी लोंडी मोर्टार का छर्रा लगने से घायल हो गए।लोगों की मदद से उन्हें उपजिला अस्पताल हीरानगर में भर्ती करवाया गया। देर शाम पाकिस्तान ने फिर से गोलाबारी शुरू कर दी। छह बजकर पचास मिनट से सवा आठ बजे तक बीओपी पानसर के नजदीक छाप नाला टेंट पोस्ट पर गोलाबारी की।
दहशत में आए सीमावर्ती ग्रामीणों ने रिश्तेदारों के यहां शरण ली है। चार सौ के लगभग लोगों को विभिन्न राहत शिविरों में दिवाली की रात बितानी पड़ी। पानसर के 186 लोगों ने सरकारी मिडिल स्कूल गदियाल में, जबकि अन्य गांव के नब्बे लोगों ने हीरानगर हायर सेकेंडरी और छन्न खत्रियां में चालीस ग्रामीणों ने रात गुजारी।