अक्टूबर महीने में हीरानगर सेक्टर में लगातार दूसरी बार बीएसएफ ने घुसपैठ की बड़ी साजिश को विफल किया है। खुफिया सूत्रों के अनुसार अलर्ट जवानों ने शनिवार तड़के पहाड़पुर के ठीक सामने संदिग्ध हलचल देखी। इस पर पैरालाइट छोड़े गए। आशंका जताई जा रही कि यह आतंकियों की घुसपैठ की साजिश थी, जिसके बाद पाकिस्तान ने कवर फायर देते हुए लगभग ढाई घंटे तक पहाड़पुर और आसपास के गांव को निशाना बनाया। हालांकि बीएसएफ ने इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जाता है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हीरानगर सेक्टर में अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान की तरफ से भारी गोलाबारी की गई, जिसका बीएसएफ ने कड़ा जवाब दिया। सुबह छह बजकर दस मिनट पर शुरू हुई गोलाबारी आठ बजकर तीस मिनट पर थमी। इस बीच आठ बजकर पंद्रह मिनट पर पाकिस्तान की ओर से दागा गया एक मोर्टार पहाड़पुर निवासी प्रीतम सिंह के घर में आ गिरा, जिसकी चपेट में आकर मवेशी घायल हो गए। गोलाबारी से इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों में दुबके रहे।