एसडीएम हीरानगर ने विभिन्न विभागों के साथ की समीक्षा बैठक
हीरानगर। एसडीएम फुलैल सिंह ने जल शक्ति, रावी-तावी, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभागों की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ नियंत्रण कठुआ और रावी-तवी हीरानगर के कार्यकारी अभियंता, सिंचाई, जल शक्ति सिविल, जल शक्ति मैकेनिकल, जेपीडीसीएल के सहायक कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपमंडल में क्रियान्वित की जा रही जल जीवन मिशन की 83 योजनाओं की समीक्षा की गई। भूमि अधिग्रहण, विद्युत आपूर्ति और यांत्रिक पहलुओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम ने सभी लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने पर बल देते हुए राजस्व अधिकारियों को भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अमृत 2.0 योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई जिसमें कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। तरनाह और उज्ज नदियों में बाढ़ प्रबंधन को लेकर बाढ़ नियंत्रण विभाग कठुआ के कार्यकारी अभियंता के साथ चर्चा की गई। एसडीएम ने निर्देश दिए कि भविष्य में बाढ़ जैसी स्थिति में सभी संबंधित पक्षों को पूर्व चेतावनी प्रणाली की जानकारी समय पर साझा की जाए।
रावी-तवी के कार्यकारी अभियंता को डी10, कूहल क्षेत्र में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसानों की समस्याओं को दूर करने हेतु आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बाढ़ से हुई क्षति के मामलों को एसडीआरएफ या अन्य योजनाओं के अंतर्गत सहायता हेतु अग्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए।