गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक करते एडीसी बिलावर
- फोटो : KATHUA
बिलावर। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में किया जाएगा। उपमंडल में सभी तहसील हेड क्वार्टर और ब्लॉक हेड क्वार्टर में गणतंत्र दिवस के समारोह की तैयारियों को लेकर एडीसी बिलावर संदेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के मीटिंग हाल में हुई बैठक में एडीसी ने इस संबंध में कई विभागों के अधिकारियों को कई प्रकार के निर्देश दिए।
एडीसी ने बताया कि मुख्य समारोह के आयोजन स्थल सहित अन्य स्थलों पर निरंतर बिजली सप्लाई के लिए बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं। साफ-सफाई के निर्देश संबंधित ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। समारोह स्थलों पर सुरक्षा का जिम्मा एसडीपीओ बिलावर को सौंपा गया है। अधिकारी ने बताया कि तहसील हेडक्वार्टर पर तहसीलदार रामकोट और तहसीलदार लोहाई मल्हार तिरंगे को फहराएंगे। वही ब्लॉक हेड क्वार्टर पर बीडीसी चेयरमैन झंडे को सलामी देंगे। अधिकारी ने सभी को कोविड के नियमों का पालन करने और हमेशा फेस मास्क पहनने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि कोविड-19 के नियमों का पालन करें और सामाजिक दूरी बनाए रखें। बताया की सरकार की ओर से महामारी को रोकने के लिए बनाए गए नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर तहसीलदार बिलावर, थाना प्रभारी बिलावर सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।