- उज्ज परियोजना को जल्द शुरू करने को लेकर गृह और रक्षा मंत्रालय ने भी सुझाव दिए
- एम्स के सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर चौबीस घंटे बसोहली में देंगे सेवाएं
- केंद्रीय मंत्री ने बसोहली में लगाया जनता दरबार, सुनीं समस्याएं
कठुआ। बसोहली में चिकित्सा सुविधाओं की कमी को देखते हुए एम्स के विशेष डॉक्टर चौबीस घंटे बसोहली में उपलब्ध रहेंगे। एक इमरजेंसी और वार्ड भी चलाया जाएगा। नेशनल हाईवे सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण धार सड़क को फोरलेन करने की योजना पर काम कर रहा है। इसके अलावा हाल की आतंकी वारदातों और घुसपैठ के बाद छिपने के ठिकानों को देखते हुए छत्रगलां परियोजना को जल्द शुरू करने पर विचार चल रहा है। यह बातें बसोहली में जनता दरबार के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहीं।
डॉ. सिंह ने बताया कि 100 साल से रुकी पड़ी उज्ज मल्टीपर्पज परियोजना को लेकर रक्षा और गृह मंत्रालय की ओर से घुसपैठ की वारदातों को देखते हुए परियोजना को जल्द शुरू करने की सिफारिश की है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि लखनपुर से पुल डोडा सड़क को लेकर शनिवार को श्रीनगर में एक बैठक चल रही है, जिसमें प्रधानमंत्री के सलाहकार भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह सड़क न सिर्फ यातायात बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। हाल फिलहाल की वारदातों के बाद देखने को मिला है कि इलाका आतंकियों के लिए छिपने का ठिकाना बनता है लिहाजा इस परियोजना को शुरू करने को लेकर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एम्स विजयपुर की ओर से बसोहली के उपजिला अस्पताल में एक अलग से ब्लॉक स्थापित किया जाएगा। यहां एम्स के सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर चौबीस घंटे सेवाएं देंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं की कमी को लेकर बात सामने आ रही थी। इसे लेकर प्रदेश सरकार से संपर्क किया गया है और एम्स निदेशक भी प्रदेश सरकार के संपर्क में हैं।
उन्होंने बताया कि उधमपुर से पंजाब के दुनेरा तक बीआरओ की ओर से तैयार की गई धार सड़क के विस्तारीकरण को लेकर नेशनल हाईवे के माध्यम से इसे फोरलेन किए जाने को लेकर भी योजना पर काम चल रहा है।
देश भर रहे आ रहे भक्तों को यकीन मोदी हैं तो सुरक्षा पूरी होगी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शनिवार सुबह रामबन के चंद्रकोट में एक लंगर के पास बस की ब्रेक समय पर लगने से आगे दो यात्री बसों से जा टकराई। इस दौरान 36 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें रामबन अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अब तक 26 से 27 हजार भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह अलग एक प्रमाण है कि देश भर से भक्त बेखौफ होकर जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को यकीन है कि मोदी हैं तो सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम होंगे।
..............
पुरानी सरकारों ने की अनदेखी, बसोहली पर्यटन लिहाज से बेहद खूबसूरत
विधायक दर्शन ठाकुर ने कहा कि बसोहली पर्यटन के लिहाज से बेहद खूबसूरत है। इसे पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने बसोहली को जिला बनाए जाने की भी मांग केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। विधायक ने बताया कि केंद्रीय मंत्री लोगों की समस्याएं मौके पर हल की हैं और कुछ समस्याएं डीसी और संबंधित विभागों को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के लिहाज से पूर्ववर्ती सरकार ने बसोहली को नजर अंदाज किया। रंजीत सागर बांध बसोहली के संसाधनों पर बनी है। 65 प्रतिशत पानी और जमीन हमारी, पंजाब सरकार की ओर से आज तक मुआवजा बाकी है। 850 नौकरियां दिया जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को लेकर भी रंजीत सागर बांध परियोजना ने कुछ काम नहीं किया। जिला का दर्जा दिए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि बसोहली 1903 से तहसील है इसे पहाड़ी जिला बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने कमेटी बनाने और बसोहली को जिला बनाने का भरोसा दिलाया है।