संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। हीरानगर बाजार में नए विकसित हुए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के समीप अब लोगों को खान-पान और बैठने की बेहतर सुविधा मिलने जा रही है।
पर्यटन विभाग की ओर से कैपेक्स बजट के तहत शॉपिंग परिसर के साथ ही एक 49 लाख की लागत से कैफेटेरिया कम फूड कोर्ट, शौचालय और अन्य संबद्ध सुविधाओं को तैयार किया जाएगा। प्रस्तावित कैफेटेरिया को नए बने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के नजदीक विकसित किया जाएगा।
इससे खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को एक ही स्थान पर खान-पान और बैठने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। खासकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद इस फूड कोर्ट से क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को सार्वजनिक सुविधा मिलेगी।
इस परियोजना के लिए राशि की व्यवस्था पर्यटन विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही है। जबकि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। परियोजना में केवल कैफेटेरिया भवन ही नहीं, बल्कि टॉयलेट और अन्य जरूरी संबद्ध कार्य भी शामिल किए गए हैं, ताकि इसे लोगों के लिए एक उपयोगी सार्वजनिक सुविधा के रूप में विकसित किया जा सके। हीरानगर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के आसपास इस तरह की सुविधा विकसित होने से स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।