पट्टा रसाना सड़क का उद्घाटन करते डीडीसी सदस्य व अन्य। - संवाद।
- फोटो : KATHUA
हीरानगर। हाईवे से कंडी क्षेत्र के गांव पट्टा रसाना को जोड़ने वाले मार्ग पर तारकोल बिछाने का काम पूरा हो गया है। सोमवार को हीरानगर से डीडीसी सदस्य अभिनंदन शर्मा ने सड़क का उद्घाटन किया।
यहां मौजूद स्थानीय सरपंच रंजना देवी ने बताया कि करीब 40 लाख रुपये की लागत से तारकोल बिछाने का काम पूरा हुआ है। इस सड़क के बनने से कंडी क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों को फायदा होगा। पूर्व सरपंच कांत कुमार ने कहा कि सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह के प्रयासों से इस इलाके को सड़क मिली है। कंडी क्षेत्र में कई विकास कार्य उनकी बदौलत चल रहे हैं। जिससे इस क्षेत्र के लोग बेहद खुश हैं।
डीडीसी अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार हर ग्रामीण क्षेत्र को सड़क से जोड़ने की कोशिश कर रही है। उसी का नतीजा है कि यह गांव भी हाईवे से सीधे तौर पर जुड़ गया है। इस क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा होने के बाद यहां यातायात की व्यवस्था बढ़ेगी, और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष रामलाल कालिया, सरपंच रंजना शर्मा व गांव के कई लोग मौजूद रहे।