क्ष्रामकोट। मकवाल पंचायत के लोगों ने छलां से मक्वाल जाने वाली क्षतिग्रस्त हुई सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।
नायब सरपंच सोमदत्त ने बताया कि छलां से मक्वाल जाने वाली सड़क पर एक किलोमीटर के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग का बनाया गया परिवर्तन मार्ग दो हफ्ते पहले हुई बारिश से पूरी तरह बह गया है। इससे छलां से मक्वाल जाने वाली सड़क पर वाहनों का आना जाना बंद हो गया है।
मकवाल की सरपंच रेनू देवी का कहना है कि मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से गांव के लोग सड़क सुविधा से वंचित हैं। मक्वाल के लोगों को छलां तक पहुंचने के लिए कछेड और नगरोटा गुजरु से होकर आना पड़ता है। इससे पंचायत के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना पड़ रहा है।
यह सड़क पीडब्ल्यूडी विभाग ने छह किलोमीटर तक बनाई है, जो करीब दो सौ घरों को जोड़ती है। लोगों ने मांग की है कि पीडब्ल्यूडी विभाग क्षतिग्रस्त हुई सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त करे।