स्टेडियम के मैदान की मरम्मत करता ट्रैक्टर। - विज्ञप्ति।
- फोटो : KATHUA
हीरानगर। कस्बे में स्थित मिनी स्टेडियम के मैदान को पशुधन व्यापार मेले से बहुत नुकसान हुआ था। मेले के खत्म होने के बाद रविवा को अब इसकी मरम्मत का काम शुरू हो गया है।
किसानों को पशुपालन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 28 से 30 जुलाई तक पशुपालन विभाग की ओर से पशुधन व्यापार मेले का आयोजन किया गया था। निकाय समिति के अध्यक्ष विजय शर्मा की पहल पर कस्बे के लोगों ने अपना सहयोग दिया, जिसके बाद स्टेडियम में मिट्टी डालने का काम शुरू कराया गया।
कस्बे के लोगों में इस बात को लेकर रोष भी देखने को मिला कि जिस विभाग ने इतने बड़े मेले का आयोजन किया, उसने स्टेडियम की मरम्मत के लिए किसी को पूछा तक नहीं। दरअसल मेले के पहले दिन ही जोरदार बारिश हुई। उसके दूसरे दिन उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जब यहां पहुंचे तो भारी संख्या में वाहन स्टेडियम से गुजरे। इसके अलावा मेले में पशु लेकर आने वाले वाहनों से भी मैदान को काफी नुकसान पहुंचा।
लोगों को उम्मीद थी कि मेला खत्म होने के बाद इसकी वजह से मैदान को हुए नुकसान को विभाग ठीक करा देगा। लेकिन, ऐसा हुआ नहीं। इसके बाद निकाय समिति अध्यक्ष ने इसकी मरम्मत के लिए पहल की, तो कुछ लोगों ने भी सहयोग किया। करीब डेढ़ सौ ट्राली मिट्टी डालकर मैदान को ठीक करने का काम चल रहा है।