हीरानगर। बारिश और आंधी के कारण धान की फसल को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए सोमवार को जिला उपायुक्त राहुल यादव ने उपमंडल के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। उनके साथ कृषि विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। किसानों को उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी हर उचित सहायता की जाएगी।
जिला उपायुक्त ने मढीन, गोपाला चक, मंडयाल, मथुरा चक आदि गांव में जाकर किसानों से बात की। किसानों ने कहा बारिश और आंधी की वजह से उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो गई है। सबसे अधिक नुकसान बासमती को हुआ है और इस इलाके में ज्यादातर किसान बासमती ही लगाते हैं। किसान नेता शिवदेव सिंह ने बताया कि खेतों में धान की फसल पूरी तरह से बिछ चुकी है। खेतों में अभी भी पानी भरा हुआ है जिससे इस फसल को बचाना नामुमकिन है। उन्होंने कहा किसानों का सौ प्रतिशत नुकसान हुआ है। इसी हिसाब से प्रशासन किसानों को जल्द मुआवजा देने का प्रबंध करे।
स्थिति का जायजा लेने के बाद जिला उपायुक्त ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक कमेटी बनाकर नुकसान की रिपोर्ट जल्द तैयार करें, ताकि किसानों की तुरंत सहायता की जा सके। उन्होंने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि रिपोर्ट आते ही सरकार को भेज दिया जाएगा और किसानों की हर संभव सहायता के का प्रयास रहेगा।वहीं कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि नुकसान की एक्चुअल रिपोर्ट आने में 2 दिन का वक्त लगेगा। इसके लिए टीमें दिन रात काम कर रही हैं।