बिलावर। धार डूगनू इलाके में शुक्रवार को स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस दौरान पंचायत के सरपंच और पंचों ने सरकार से धार डूगनू इलाके के लिए एसआरटीसी बस सेवा शुरू करने की मांग की। सरपंच की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की कि दूरदराज के इलाके के लोगों को कई प्रकार के कामकाज के लिए जम्मू आना-जाना पड़ता है और इलाके के लोगों को तीन वाहन बदलकर जम्मू पहुंचना पड़ता है। लोगों को पहले पैदल सफर तय करना पड़ता है, जिसके बाद लोग धार डूगनू बस स्टैंड से मिनी बसों में बैठकर बिलावर पहुंचते हैं, जिसके बाद लोगों को जम्मू जाने के लिए बस मिलती है।
सरपंच ने बताया कि दूरदराज इलाके की आबादी 30 हजार से अधिक है और कई अन्य पंचायतों के लोग भी इसी रास्ते से जम्मू की तरफ आते-जाते हैं। बस सुविधा उपलब्ध ना होने के कारण लोगों को जम्मू पहुंचने के लिए करीब 10 घंटे लग जाते हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि अप्पर धार डूगनू, दियौता, गोडल, नगाली सहित अन्य कई पंचायतों के लोग लौअर धार डूगनू के रास्ते से होकर बिलावर जाते हैं। इलाके को सड़क संपर्क से जुड़े हुए 15 वर्ष से अधिक हो गए हैं, लेकिन अभी तक बस सेवा शुरू नहीं की गई। इस संबंध में कई बार सरकार से इलाके के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की कि धार डूगनू गांव के लिए जम्मू शहर से एसआरटीसी बस सेवा शुरू की जाए। बैठक में नायब सरपंच मस्तराम, पंच दर्शनों देवी, पंच मनोहर लाल, पंच छोरी लाल आदि मौजूद रहे।