महानपुर। कस्बे के गर्ल्स मिडिल स्कूल का दर्जा बढ़ाने की मांग स्थानीय लोगों ने की है। लोगों ने बताया कि लड़कियों को आगे की शिक्षा के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल महानपुर जाना पड़ रहा है, जहां पहले से ही काफी संख्या में विद्यार्थी हैं। अधिक विद्यार्थी होने की वजह से सभी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों के समक्ष कई बार गर्ल्स मिडिल स्कूल का दर्जा बढ़ाने की मांग की है, लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई है।
स्थानीय नयाव सरपंच राज कपूर ने बताया कि गर्ल्स मिडिल स्कूल की स्थापना सन 1967 में हुई थी, लेकिन आजतक स्कूल का दर्जा नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने बताया कि इसके साथ वाले सभी स्कूलों का दर्जा बढ़ाकर 10 वीं कक्षा कर दिया गया है। आठवीं पास के पश्चात लड़कियों को हायर सेकेंडरी स्कूल महानपुर में दाखिला लेना पड़ता है, जबकि यहां पर पहले से ही काफी संख्या में विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल का दर्जा बढ़ने से लड़कियों को एक ही स्कूल में दसवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त हो जाएगी।
स्थानीय डॉक्टर शुभ ने बताया कि आठवीं तक गर्ल्स स्कूल में काफी लड़कियां शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, अगर स्कूल का दर्जा बढ़ाकर दसवीं कक्षा तक कर दिया जाए तो हायर सेकेंडरी स्कूल में भीड़ कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि स्कूल का दर्जा बढ़ाने की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से शिष्टमंडल मिल चुका हैं, लेकिन विडंबना यह है कि इस स्कूल का दर्जा अभी तक नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने जिला उपायुक्त कठुआ से मांग की है कि स्कूल का दर्जा बढ़ाई जाए।