कठुआ। जिले के पहाड़ी उपमंडल बनी के संदरून गांव में करंट की चपेट में आने से एक महिला और एक बकरी की मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान जरीना (50) पत्नी मुस्ताक अहमद निवासी दंडी संदरून के रूप में हुई है।
रविवार दोपहर को हुई इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने महिला की मौत के लिए बिजली विभाग की लापरवाह कार्यप्रणाली को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मृतका अपने मवेशियों को चरा रही थी। इस दौरान वहां लगे 11 केवी के एक खंभे में आ रहे करंट की चपेट में वह अपनी बकरी सहित आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
लोगों ने कहा कि इससे पहले भी बनी क्षेत्र में कई बार खंभे में करंट आने से मवेशियों की मौत हो चुकी है। यह पहला मौका है जब किसी इंसानी जान को बिजली विभाग की लापरवाही लील गई। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।