कठुआ। गणतंत्र दिवस समारोह के लिए मंगलवार से परेड की रिहर्सल का आगाज हो गया। पहले दिन कोहरा और कड़ाके की ठंड के बावजूद टुकड़ियों ने जोश के साथ कदम से कदम मिलाए।
जिला पुलिस बैंड की धुन पर अभ्यास कर रहे प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। डीएसपी डीआर सुखदेव सिंह की देखरेख में आयोजित इस अभ्यास में कुल नौ टुकड़ियों ने करीब दो घंटे तक रिहर्सल की। इस दौरान बारीकियों पर ध्यान दिया गया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में महामारी नियंत्रण के निर्धारित शर्तों के अनुपालन के साथ जिला स्तर के समारोह के बारे में जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के मीडिया प्रभारी मास्टर मोहन लाल डब्ब ने कहा कि समारोह में बगैर मास्क के प्रवेश वर्जित रखा गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर शारीरिक दूरी का शत प्रतिशत अनुपालन होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उन्हीं लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी, जिनके पास 48 घंटे की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट होगी या उन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ली होगी। इसके अलावा कार्यक्रम को सुरक्षित और शानदार बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
आने वाले दिनों में रिहर्सल में अर्धसैनिक बलों और सेना की टुकड़ियों के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा प्रशासन द्वारा समारोह के लिए गठित की गई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन कमेटी को भी जल्द बैठक कर फैसला लेना है।