बसोहली। क्षेत्र में सोमवार को कुंड से नुकनाली के लिए वार्षिक यात्रा चंडी माता मंदिर से रवाना हो गई। वार्षिक नुकनाली यात्रा के लिए भक्तों की आस्था देखते ही बनती थी। सोमवार सुबह नुकनाली माता के लिए रवाना हुई यात्रा जब पहाड़ों पर पहुंची तो पहाड़ माता के जयकारों से गूंज उठे। मंदिर के पुजारी धनी राम ने बताया कि यह यात्रा तीन दिन की होगी। यात्रा का पहला पड़ाव नोर गला में होगा, यहां रात के समय यात्रा अपना डेरा डालेगी।
दूसरे दिन मंगलवार को यह यात्रा चंडी माता मंदिर नुकनाली पहुंचेगी और वहां दर्शन कर वापस लौटेगी। बुधवार को इस यात्रा का कुंड पहुंचकर समापन हो जाएगा। मंदिर के पुजारी ने बताया कि भक्तों की नुकनाली माता के प्रति विशेष आस्था है। यहां हर वर्ष भक्त माता के दर्शन के लिए दुर्गम रास्तों से होकर पहुंचते हैं और माथा टेककर माता का आशीर्वाद ग्रहण करते हैं। संवाद