जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग और कठुआ-जराई सड़क पर हुए सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से एक महिला को हालत ठीक न होने पर उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाईवे पर बरनोटी मोड़ पर सड़क पार कर रही 65 वर्षीय सुरिंद्र कौर निवासी बरनोटी को बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से महिला सड़क पर ही गिर गई। बाइक पर सवार 45 वर्षीय अनु राजपूत निवासी जंगलोट और बाइक चालक राकेश सिंह भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से डाक्टरी उपचार के बाद राकेश को छुट्टी मिल गई। वहीं अनु राजपूत को गंभीर हालत होने के कारण जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। सुरिंद्र कौर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
वहीं, एक अन्य हादसे में कठुआ जराई मोड़ से स्कूटी पर अपने घर जा रही नेहा अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़न के कारण गिर गई। नेहा का भी जिला अस्पताल में ही उपचार किया गया और उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने दोनों हादसों का मामला दर्ज कर लिया है।