जहरखुरानी का शिकार व्यक्ति जिला अस्पताल में भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
बस में सफर की रहे एक मुसाफिर को बेहोशी की दवा खिलाकर लूटने का मामला फिर सामने आया है। जहरखुरानी गिरोह के सदस्य उसका सारा सामान लूटकर ले गए हैं।
बिलावर के धार डुग्गनू के रहने वाले बिट्टू राम को जहरखुरानी गिरोह ने शिकार बना लिया। हरियाणा रोडवेज की बस से वह कठुआ की ओर आ रहा था। बस के सह चालक ने जब मग्गर खड्ड के नजदीक उसे अचेत पाया तो पुलिस को इसकी खबर दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल कठुआ में भर्ती कराया गया।
उसकी जेब से मिले वोटर कार्ड से उसकी पहचान हुई। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। बिलावर के धार डुग्गनू निवासी बिट्टू राम के साथ जो हुआ, यह पहला वाकया नहीं था। जिले में हर वर्ष दर्जनों ऐसे मामले सामने आते हैं।
यात्रियों से मेलजोल बढ़ाकर उन्हें जहर या बेहोशी की दवा खिलाकर सामान लूट ले जाते हैं। हैरानी की बात है कि पुलिस गिरोह तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाई है। अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों से सक्रियता सबसे अधिक जम्मू-दिल्ली मार्ग पर है। शिकार हुए लोगों में अधिकतर मजदूर तबके के लोग होेते हैं।