शनिवार को हीरानगर तहसील के तीन गांवों में तीन संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने करीब तीन घंटों तक सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन कोेई भी संदिग्ध नहीं मिला। बाद में पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने के हिदायत देते हुए सर्च आपरेशन समाप्त किया।
एसडीपीओ बार्डर रवेल चौधरी के नेतृत्व और थाना प्रभारी हीरानगर अमित सांगड़ा की देखरेख में शनिवार को सुबह गांव चर्जरथा के ग्रामीण राम स्वरूप के फौन पर संदिग्ध देखे जाने की सूचना देने के बाद पुलिस ने सर्च आपरेशन शुरू किया। सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुए सर्च आपरेशन के दौरान चर्जरथा, लोअर ढल्ली और पथवाल गांव में तलाशी अभियान चलाया गया। लेकिन संदिग्धों का कोई पता नहीं चला।
थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह करीब सवा नौ बजे राम स्वरूप ने थाने फोन कर बताया कि उसने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा जो पिट्ठू बैग लिए हुए थे।
हालांकि कोई भी संदिग्ध पकड़ा गया। इसके बावजूद सुरक्षा के पहलुओं को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। सीमा पर सीमा सुरक्षा बल को सामान्य से अधिक मुस्तैद कर दिया गया है जबकि भीतरी दायरे में पुलिस, एसओजी और सीआरपीएफ की संयुक्त निगरानी है।