लूट के आरोपियों को ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय पुलिस ने एक माह पूर्व बांदा मार्ग पर एक साथ हुए दो लूट कांडों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर ज्वैलरी, मोबाइल के साथ अवैध तमंचा व बाइक भी बरामद की है। पुलिस लूटी गई पूरी ज्वैलरी को बरामद करने का दावा कर रही है।
बीते 28 अगस्त की रात बांदा मार्ग पर टेढ़ा व पारा-रैपुरा के निकट बदमाशों ने कस्बा निवासी एक सर्राफा व्यवसायी व पचखुरा बुजुर्ग निवासी दंपति के साथ लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार की शाम थानाक्षेत्र के बार्डर गांव इसूली के निकट मुठभेड के दौरान तीन लुटेराें को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष पीके यादव ने बताया कि सर्राफा व्यवसायी व दंपति के साथ हुई लूट के जेवरात, मोबाइल के अलावा तीन अदद तमंचा, कारतूस व लूट में प्रयोग की गई बाइक बरामद की गई है। बांदा के पास इसूली गांव के पास से बदमाशों को दबोचा गया है।
इनके नाम प्रमोद उर्फ पप्पू प्रजापति निवासी अतरार थाना बिवांर, गनेश कुशवाहा निवासी कस्बा बिवांर, मनोज अहिरवार महेरा थाना बिवांर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बदमाशों की निशानदेही पर कस्बे के चांदथोक के एक मकान से लूटे गए सोने व चंादी के जेवरात व मोबाइल बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि लूट का सरगना पप्पू प्रजापति कस्बे के चांदथोक निवासी चंद्रपाल के मकान में किराए पर रहता रहा है। पुलिस अधीक्षक एके सिंह ने लूट का खुलासा करने पर पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। टीम में थानाध्यक्ष के अलावा एसआई संजीव कुमार पाल, हेड कांस्टेबिल शब्बीर अहमद, सत्येंद्र पाल, कपिल कुमार, राहुल वर्मा व जीप चालक स्वतंत्र कुमार शामिल रहे।