जम्मू पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिला अस्पताल के पास उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब दो बाइक आपस में टकरा गईं और एक बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया। सभी लोग इधर उधर भागते हुए दिखे।
हादसे की खबर दमकल विभाग को सूचना दी गई और टीम ने मौके पर आकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी को भी कोई हानि नहीं पहुंची है। जानकारी के अनुसार जम्मू से पठानकोट की ओर जा रहीं दो बाइक जिला अस्पताल के समीप आपस में टकरा गईं, जिसके परिणाम स्वरूप बाइक एचपी 38 बी 2199 में आग लग गई।
देखते ही देखते मोटरसाइकिल धू-धू कर जलने लगी। लोगों में अफरातफरी भी मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों को सूचित किया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि, इस हादसे में किसी भी चालक को कोई चोट नहीं आई है। बहरहाल हटली पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।