कठुआ। नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत सिटी थाना पुलिस ने हेरोइन के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सिटी थाना के प्रभारी अरविंद संबयाल अपनी टीम के साथ हाईवे पर पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान सहार खड के पास दो लोगों को जांच के लिए शक के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों से 9.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। टीम ने हरकत में आते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों की पहचान सुमित कुमार निवासी टिंडारी और दलजीत सिंह निवासी लोगेट मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने एफआईआर संख्या 157/19 एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस ने वार आन ड्रग के नाम से अभियान चलाया हुआ है। इसी अभियान के तहत विभिन्न थानों और चौकियों की टीमें काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को भी इसमें पुलिस का सहयोग करना चाहिए ताकि नशे को जिला से समाप्त किया जा सके।