कठुआ/हीरानगर। वीरवार को जिला उपायुक्त के निर्देश के बाद हीरानगर के तरनाह नाले पर चल रहे स्टोन क्रशर को सील किया गया था और बिजली भी काटी गई थी। हैरत की बात है कि प्रबंधकों ने प्रशासनिक टीम की कार्रवाई को धता बताते हुए एक बार फिर जनरेटर पर क्रशर चला दिया।
जानकारी मिलते ही जिला उपायुक्त ने माइनिंग विभाग को फौरन कार्रवाई के निर्देश जारी किए। शनिवार शाम माइनिंग विभाग के जिला अधिकारी बोधराज और हीरानगर थाना प्रभारी ने टीम सहित मौके पर जाकर जांच की। इस दौरान जनरेटर को सील करने के साथ ही क्रॅशर प्रबंधकों को क्रॅशर न चलाने की सख्त हिदायत भी जारी कर दी है। माइनिंग अधिकारी बोधराज ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए शनिवार देर शाम मेसर्ज साईं एंड सन्स स्टोन क्रॅशर की जांच की गई। इस दौरान क्रशर को अवैध रूप से चलते हुए पाया गया। मौके पर ही क्रॅशर को सील करने के साथ प्रबंधक को क्रशर चलाने के लिए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवाने की हिदायत जारी की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध रूप से चल रहे क्रशरों को काम नहीं करने दिया जाएगा। जहां भी उल्लंघन पाया गया उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।