कठुआ। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में एक श्रमिक की सात वर्षीय बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न और मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने इसकी शिकायत महिला पुलिस थाना में की, जिसके बाद विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के साथ ही एक युवक केे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची ने अपनी मां को कुछ दिन पहले बताया कि एक युवक उसे एक कमरे में ले गया, यहां उसके साथ उसने मारपीट की। यहीं नहीं शिकायत में पुलिस को बताया गया है कि उक्त युवक ने बच्ची का यौन उत्पीड़न भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के बाद बुधवार शाम को जिला अस्पताल में पीड़ित बच्ची का मेडिकल करवाया गया। इसके बाद शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। फिलहाल मामले में युवक को आरोपी नहीं बनाया गया है, लेकिन उससे पूछताछ जारी है।