बिलावर। महानपुर के बनहोड़ गांव में नौंवी के छात्र वासु जंडियाल (15) की संदिग्ध मौत मामले में वीरवार को जमकर बवाल हुआ। परिजनों और ग्रामीणों ने वासु के शव को महानपुर बिलावर धार मार्ग पर रखकर घंटों प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से लोग आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए सड़क पर ही जमे रहे। मौके पर पहुंचे विधानसभा स्पीकर डॉ. निर्मल सिंह ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए। उधर, मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन भी कर दिया गया है।
वीरवार सुबह दस बजे के लगभग बनहोड़ और आसपास के गांव के लोग बड़ी संख्या में छात्र वासु के शव के साथ धार रोड पर गंढीर बावली के नजदीक उतर आए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। लगभग दो घंटे तक जारी रहे प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे विधानसभा स्पीकर डॉ. निर्मल सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे लगातार पुलिस के आला अधिकारियों से मामले पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले में एसआइटी का गठन कर दिया गया है और थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि अधिकारियों से बात कर तत्काल स्कूल प्रबंधकों को गिरफ्तार करें। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि वासु के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए उसका केस सरकार लड़ेगी। बिलावर थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरपीसी की धारा 1874 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के लिए स्कूल प्रबंधकों को भी थाने बुलाया गया है, साथ ही मृत बच्चे के परिजनों से भी पुलिस पूछताछ करेगी। दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
वासु की मौत पर जताया शोक
तीन दिन बंद रहेगा बिलावर का कांवेंट स्कूल
कठुआ। जम्मू-कश्मीर एजूकेशन सोसाइटी के डायोसीस की ओर से बिलावर के कांवेंट स्कूल की 9वीं कक्षा के छात्र की मौत पर शोक प्रकट किया है। डायोसीस की ओर से बताया कि गया कि परिवार के दुख की इस घड़ी में सोसाइटी मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती है। दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर टिप्पणी करते हुए सोसायटी के पीआरओ फादर डोमिनिक थेकेनाथ ने स्पष्ट किया कि स्कूल प्रबंधन ने कुछ विवाद होने पर वासु की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल न आने को कहा था। स्कूल के प्रबंधकों ने वासु के माता-पिता को मामले के बारे में सतर्क करने के लिए बुलाया था, जिसे लेकर वासु की बहन को भी जानकारी दी गई थी। सोसाइटी के अध्यक्ष रेवर्ड इवान परेरा ने शोकग्रस्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि स्कूल प्रशासन जांच एजेंसी को हर संभव सहयोग करेगा। इस दौरान तीन दिन के शोक स्वरूप स्कूल को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। ब्यूरो