कठुआ। चोरी के मामले में संलिप्त महिला ने वीरवार को कठुआ पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। जिला अस्पताल में उपचार के लिए आई महिला ने कहा कि चोरी के मामले में पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसे बेरहमी से पीटा। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि महिला के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है, लेकिन पुलिस ने उसे नहीं पीटा है। फिर भी महिला से शिकायत ले ली गई है और इसकी जांच की जा रही है।
जिला अस्पताल में पहुंची महिला संतोष कुमारी ने कहा कि 6 मार्च को पुलिस ने मोबाइल चोरी की वारदात में उन्हें पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। थाने में महिला सेल के कर्मचारियों ने उसे बेरहमी से पीटा। उसने बताया कि पुलिस की मार से उसके शरीर पर निशान भी बन गए हैं। जिला अस्पताल में महिला की जांच करने वाले डॉक्टर ने बताया कि महिला के शरीर पर बाईं और दाएं हाथ के साथ टांग पर भी निशान बना हुआ है। इसके अतिरिक्त किसी प्रकार की खरोच नहीं है।
इस संबंध में डीएसपी मुख्यालय निखिल रसगोत्रा ने बताया कि उन्होंने थानेदार कठुआ और अपने सूत्रों से इस मामले का संज्ञान लिया है। महिला पर अपनी एक साथी के साथ तीन मोबाइल चोरी करने की शिकायत पुलिस को मिली थी। पुलिस ने मोबाइल रिकवर करने के लिए टीम गठित की थी और टीम ने इस महिला से दो मोबाइल रिकवर किए थे। उन्होंने दोनों महिलाओं को वापस भेजा था लेकिन दोनों महिलाओं के बीच मोबाइल चोरी को लेकर बहस हुई और बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस कारण महिला अस्पताल में पहुंची। उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसी महिला को नहीं पीटा है। अगर ऐसा कुछ हुआ है तो महिला की शिकायत की जांच की जाएगी। बहरहाल, चोरी के मामले और महिला के साथ मारपीट के मामले का संज्ञान गंभीरता से लिया जा रहा है।े