कठुआ। लखनपुर में आबकारी विभाग द्वारा पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की मदद से पशु तस्करी के प्रयास को विफल करने के लिए की गई नाकेबंदी के बाद अब तस्कर अन्य रूट इस्तेमाल करने लगे हैं। बुधवार तड़के जिला मुख्यालय से सटी आबकारी विभाग की मंडी माइनर पोस्ट के रास्ते पशु तस्करों ने ट्रक को जबरन भगाने का प्रयास किया।
आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने इस दौरान सिटी पुलिस और हाईवे के सभी थानों और चौकियों को अलर्ट कर दिया है। कठुआ पुलिस की टीम भी तस्करों के वाहन का लगातार पीछा करती रही। कई थानों और चौकियों की हद को पार कर सांबा जिले में दाखिल होने से पहले ही लौंडी मोड़ पर नाका लगाकर हीरानगर पुलिस ने तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। तस्करों के वाहन संख्या (पीबी06वी- 6434) से 18 मवेशी बरामद हुए। इनमें से चार गाय वाहन में मृत पाई गईं। पुलिस ने तस्करी के मामले में जीवन मसीह निवासी गुरदासपुर पंजाब को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में पशुओं की तस्करी के संबंध में कड़ा कानून न होने का फायदा पशु तस्कर उठाते रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में दर्जनों ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जब पुलिस ने पशु तस्करों के वाहनों को पकड़ा है। वहीं लखनपुर टोल प्लाजा से जबरन पशु तस्करी के प्रयासों के बाद आबकारी विभाग ने वहां अर्द्धसैनिक बलों समेत पुलिस की गश्त को भी बढ़ा दिया है। रात के समय टोल प्लाजा के एक ही ट्यूब को सक्रिय कर नाकेबंदी की जाती है।