कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अमृतसर से जम्मू की ओर जा रही कार पीबी02सीएफ-8086 बरवाल मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पैराफिट (पुलिया की आरसीसी) के साथ टकरा गई। गनीमत रही कि उस समय हाईवे पर सामने से कोई दूसरा वाहन नहीं आ रहा था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। कार के पुलिया की आरसीसी से टकराने से उसमें सवार 65 वर्षीय तरसेम महाजन पुत्र बिशनदास, उनकी पत्नी 63 वर्षीय विद्या महाजन, छह वर्षीय परम महाजन पुत्र अंकुश महाजन और एक वर्षीय कविश महाजन पुत्री अंकुश सभी निवासी अमृतसर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से चारों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया, जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रिकवरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं जंगलोट इलाके में भी सोमवार को कार और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान परमांनद निवासी जंगलोट के रूप में हुई। जिला अस्पताल में उपचार के बाद उसे रिकवरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।